
अलीगढ़: जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद चेता प्रशासन, शराब माफिया के अड्डों को खत्म करने के लिए छेड़ा अभियान
NDTV India
शराब मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई करते हुए इनामी विपिन यादव को अरेस्ट किया है. उसकी निशानदेही पर हरदुआगंज व अकराबाद थाना क्षेत्र में रात भर छापेमारी की गई और नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. भारी मात्रा में नकली शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं. मामले में शासन स्तर से 5 आबकारी अधिकारी निलंबित किए गए हैं.
यूपी के अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने के कारण 50 से अधिक लोगों की हुई मौत ने प्रशासन को 'हिलाकर' रख दिया है. इस मामले में सोमवार को आला अधिकारियों की हाईलेवल मीटिंग हुई, जिसके बाद शराब माफियाओं के अड्डों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान शुरू किया. मीटिंग में मंडलायुक्त, डीएम एसएसपी, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और इसमें मौतों पर दुख जताते हुए जहरीली शराब के खिलाफ उच्च स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए.गौरतलब है कि अलीगढ़ में जहरीली शराब के कारण हुई मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है और अब 75 लोगों की मौत हो चुकी है.











