
अमेरिका-भारत की तालिबान को दो टूक- अफगानिस्तान का इस्तेमाल किसी भी देश पर हमले के लिए न हो
Zee News
भारत, अमेरिका ने तालिबान से अफगान नागरिकों और सभी विदेशियों को महफूज और व्यवस्थित ढंग से निकाले जाने समेत सभी प्रतिबद्धताओं का पालन करने को भी कहा है.
नई दिल्ली: अफगानिस्तान पर तालिबान (Taliban) के कब्जे के बीच भारत और अमेरिका (India America) ने एक बार फिर परोक्ष तौर पर पाकिस्तान को सख्त पैगाम दिया है. भारत और अमेरिका ने तालिबान से यह यकीनी बनाने के लिए कहा है कि अफगान सरजमीं का इस्तेमाल फिर कभी किसी देश पर हमला करने या उसे डराने या आतंकवादियों को पनाह देने या ट्रेनिंग देने के लिए न किया जाए.
भारत, अमेरिका ने तालिबान से अफगान नागरिकों और सभी विदेशियों को महफूज और व्यवस्थित ढंग से निकाले जाने समेत सभी प्रतिबद्धताओं का पालन करने को भी कहा है. इतना ही नहीं भारत, अमेरिका ने तालिबान से राहत गतिविधि में लगे संयुक्त राष्ट्र, उसकी विशेष एजेंसियों को पूरी तरह, सुरक्षित, प्रत्यक्ष और अबाधित पहुंच बनाने देने का आह्वान किया.
