
अमरनाथ हादसा: जानें 5 बड़ी अपडेट, कितने लोग अब भी लापता और क्या हैं हालात
Zee News
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ की पवित्र गुफा के पास अचानक आयी बाढ़ के चलते फंसे 15,000 तीर्थयात्रियों को यहां निचले आधार शिविर पंजतरणी स्थानांतरित कर दिया गया है.
श्रीनगर: अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया. भारी सैलाब में कई श्रद्धालु बह गए हैं. राहत और बचाव कार्य में सुबह से तेजी लाई गई है. ऐसे में वहां अब पत्थरों को हटाकर लोगों को खोजा रहा है. इन 5 बड़े अपडेट से जानें क्या है पूरी स्थिति.
1. 15,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ की पवित्र गुफा के पास अचानक आयी बाढ़ के चलते फंसे कम से कम 15,000 तीर्थयात्रियों को यहां निचले आधार शिविर पंजतरणी स्थानांतरित कर दिया गया है. आईटीबीपी के प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, "कल शाम आई बाढ़ के कारण पवित्र गुफा क्षेत्र के पास फंसे अधिकांश यात्रियों को पंजतरणी में स्थानांतरित कर दिया गया है. निकासी अभियान तड़के 3.38 बजे तक चला.'' भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रवक्ता ने कहा, "रास्ते में कोई यात्री नहीं है. "
