)
अब सस्ता नहीं रहेगा थाईलैंड घूमना, सरकार क्यों बढ़ा रही पैसेंजर सर्विस चार्ज? 20 जून से लागू होगा नया नियम
Zee News
Service Charges in Thailand Airport: एयरपोर्ट ऑफ थाईलैंड ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिये पैसेंजर सर्विस चार्ज (PSC) में इजाफा किया है. इस बदलाव को थाईलैंड के 6 एयरपोर्ट पर 20 जून से लागू किया जाएगा.
Thailand Travel: अगर आप भी थाईलैंड जाने का प्लान कर रहे हैं या अक्सर थाईलैंड जाते रहते हैं तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, अब आपका थाईलैंड का टूर पहले के मुकाबले महंगा हो जाएगा. एयरपोर्ट ऑफ थाईलैंड (AOT) की तरफ से घोषणा की गई है कि 20 जून 2026 से इंटरनेशनल फ्लाइट से बाहर जाने वाले यात्रियों का पैसेंजर सर्विस चार्ज (PSC) 53% बढ़ जाएगा. इसके बाद पैसेंजर सर्विस चार्ज करीब डेढ़ गुने तक बढ़ जाएगा. अभी यह चार्ज 730 बात (करीब 2,126 रुपये) है, जो कि बढ़कर 1,120 बात (करीब 3,264 रुपये) हो जाएगा.
पैसेंजर सर्विस चार्ज में की जाने वाली यह बढ़ोतरी छह प्रमुख एयरपोर्ट सुवर्णभूमि (बैंकॉक), डोन मुएंग, फुकेट, हट याई, चियांग माई और चियांग राई पर लागू होगी. डोमेस्टिक फ्लाइट का चार्ज पहले की ही तरह 130 बात (380 रुपये) रहेगा. इस फैसले को थाईलैंड के सिविल एविएशन बोर्ड ने दिसंबर 2025 में मंजूर किया था. एओटी (AOT) की चेयरमैन पावीना जरियाथिथिपोंग (Paweena Jariyathitipong) ने कहा स्टडी से साफ हुआ है यह चार्ज टिकट की कुल कीमत का काफी छोटा हिस्सा है.
उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार के इस फैसले से वित्त वर्ष 2027 में 13 बिलियन बात (करीब 3,787 करोड़ रुपये) का एक्सट्रा रेवेन्यू आएगा. इस अतिरिक्त पैसे को एयरपोर्ट्स की बेहतरी और नए प्रोजेक्ट में लगाए जाने का प्लान है. खासतौर पर इस पैसे को सुवर्णभूमि एयरपोर्ट पर नया साउथ टर्मिनल बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा. इसकी लागत करीब 200 बिलियन बात ( करीब 58,285 करोड़ रुपये) से ज्यादा है. एओटी (AOT) का कहना है इससे कंपनी की फाइनेंशियल हालत मजबूत होगी, लोन कम होगा और ब्याज का बोझ घटेगा.
दुनिया के 90% से ज्यादा एयरपोर्ट डिपार्चर और ट्रांजिट दोनों यात्रियों से चार्ज लेते हैं. लेकिन थाईलैंड केवल डिपार्चर से लेता है, जिससे लंबे समय में कमाई लिमिटेड रहती है. कुछ आलोचकों की तरफ से पर्यटन पर असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है. पूर्व डेमोक्रेट पार्टी के डिप्टी लीडर समार्ट रात्चापोलसित्ते ने कहा अहम सवाल यह है कि इतना ज्यादा चार्ज देने के बाद यात्रियों को बेहतर सर्विस मिलेगी या नहीं. बढ़ोतरी के बाद सुवर्णभूमि का चार्ज कई टॉप ग्लोबल एयरपोर्ट्स से ज्यादा हो जाएगा, जबकि स्काईट्रैक्स रैंकिंग में यह सिर्फ 39वें नंबर पर है.
अभी सिंगापुर के चांगी का (4,660 रुपये), दोहा का हमाद, टोक्यो का हनेडा (1,747 रुपये), सियोल इनचियन (1,078 रुपये), टोक्यो नरिता (1,865 रुपये) और हांगकांग (2,331 रुपये) चार्ज है. समार्ट की तरफ से चेतावनी दी गई कि लो-कॉस्ट रूट्स पर एयरफेयर 7 से 10% तक बढ़ सकता है. 4,000-5,000 बात (14,500 रुपये के करीब) की 4-5 घंटे की फ्लाइट पर यह असर ज्यादा दिखेगा. इससे थाईलैंड की कीमत प्रतिस्पर्धा कम हो सकती है और पर्यटक सस्ते देशों की ओर मुड़ सकते हैं, जो लंबे समय में पर्यटन अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा.
