
अब दुकान जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे हासिल कीजिए MOBILE SIM; सरकार ने दिए आदेश
Zee News
ग्राहक ‘ऑनलाइन’ आवेदन दे सकते हैं और आधार या डिजि लॉकर में रखे किसी भी मान्य दस्तावेज के जरिये खुद का सत्यापन कर अपने घर पर ही सिम हासिल कर सकते हैं.
नई दिल्लीः ग्राहकों को अब नये मोबाइल कनेक्शन के लिये दुकान के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. वे ‘ऑनलाइन’ आवेदन दे सकते हैं और आधार या डिजि लॉकर में रखे किसी भी मान्य दस्तावेज के जरिये खुद का सत्यापन कर अपने घर पर ही सिम हासिल कर सकते हैं. दूरसंचार विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है. दूरसंचार विभाग का यह कदम दूरसंचार क्षेत्र में सुधारों का हिस्सा है. इसे मंत्रिमंडल ने 15 सितंबर को मंजूरी दी थी.
सिर्फ ई-केवाईसी का देना होगा 1 रुपया शुल्क नये नियमों के मुताबिक, ग्राहकों को घर बैठे नये मोबाइल कनेक्शन यानी सिम हासिल करने के लिये भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के आधार से जुड़े ई-केवाईसी (अपने ग्राहक को जानों) सत्यापन के लिये एक रुपया देना होगा. सरकार नये मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए आधार से जुड़ी ई-केवाईसी प्रक्रिया को फिर से शुरू करने को लेकर जुलाई 2019 में ही भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम, 1885 में संशोधन कर चुकी है.
