
अपर्याप्त आय भारत में तनाव के प्रमुख कारणों में से एक: सर्वे
Zee News
लिंक्डइन कंपनी ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की है जिसके बाद एक बार फिर मेंटल हेल्थ पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस रिपोर्ट के मुताबिक 55% वर्किंग प्रोफेशनल्स तनाव महसूस कर रहे हैं.
नई दिल्ली: हाल ही में हुए एक सर्वे से पता चला है कि भारत में वर्किंग प्रोफेशनल्स का एक बड़ा हिस्सा काम को लेकर तनाव (Work Stress) महसूस कर रहा है. अधिकतर नौकरी पेशा युवा तनाव में क्यों रहते हैं इसकी 3 मुख्य वजहें बताई गई हैं. कार्य-जीवन असंतुलन, अपर्याप्त आय और धीमी करियर प्रगति इसके मुख्य कारण हैं. यह सर्वेक्षण 31 जुलाई से 24 सितंबर तक 3,881 पेशेवरों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. इसके परिणाम बताते हैं कि भारत के आधे से ज्यादा (55%) कार्यरत पेशेवर काम के दौरान तनाव महसूस कर रहे हैं.
आपको बता दें कि मेंटल हेल्थ का यह स्पेशल एडिशन लिंक्डइन (Linkedin) ने जारी किया है. पेशेवरों को आपस में जोड़ने के लिये 'ऑनलाइन' मंच प्रदान करने वाली लिंक्डइन ने भारत में काम के तनाव को दूर करने के लिए कार्यबल भरोसा सूचकांक (Workforce Confidence Index) तैयार किया है. इस एडिशन में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि कैसे पेशेवर लोग अपने मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए कार्य में अधिक लचीलेपन की उम्मीद करते हैं.
